गोरखपुर के ग्राम प्रधानों को दी जाएगी बेहतर कार्य की सीख

पवन गुप्ता 

गोरखपुर; जिले के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को बेहतर कार्य का तरीका सिखाया जाएगा। प्रधानों के उन्मुखीकरण के लिए 17 से 19 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण में अलग-अलग ब्लाकों के प्रधानों को अलग-अलग दिन शामिल किया जाएगा। किस तरह से विकास कार्य करें और कैसे उसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए, इन बातों की जानकारी प्रधानों को दी जाएगी। 20 से 25 ग्राम प्रधानों को किसी पंचायत भवन पर एकत्रित किया जाएगा और वहां आनलाइन प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। प्रशिक्षण उपनिदेशक पंचायती राज कार्यालय से जूम के जरिए दिया जाएगा।

पहले दिन शनिवार को गगहा, कौड़ीराम, खजनी, बांसगांव, सहजनवां, जंगल कौडिय़ा, खोराबार व चरगांवा के ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन प्रधानों को प्रशिक्षित करने के लिए आठ ब्लाकों में 20 स्थानों पर क्लस्टर बनाए जाएंगे। हर क्लस्टर में 20 प्रधानों को शामिल किया जाएगा। पहले दिन 484 ग्राम प्रधान प्रशिक्षण में भाग लेंगे। दूसरे दिन 18 जुलाई को पिपराइच, पिपरौली, उरुवा, कैंपियरगंज, भरोहिया, सरदारनगर एवं बड़हलगंज ब्लाकों के 455 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इन प्रधानों को 22 क्लस्टर में बांटा गया है और हर क्लस्टर में न्यूनतम 20 प्रधान होंगे। ब्रह्मपुर, बेलघाट, पाली, गोला व भटहट के 355 ग्राम प्रधानों को 19 जुलाई को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन प्रधानों को 17 क्लस्टर में बांट कर प्रशिक्षित किया जाएगा।

तीनों दिन दो सत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। पहला सत्र सुबह 10.30 बजे से दोपहर बाद एक बजे तक आयोजित होगा। इसके बाद एक घंटे का भोजनावकाश दिया जाएगा। दोपहर बाद दो से 2.15 बजे तक का समय जूम पर जुडऩे के लिए निर्धारित होगा। 2.15 बजे से 4.30 बजे तक दूसरे सत्र का प्रशिक्षण होगा।

जिला पंचायत राज अधिकारी हिमांशु शेखर ठाकुर का कहना है कि नव निर्वाचित प्रधानों के उन्मुखीकरण के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। तीनों दिन अलग-अलग ब्लाकों के प्रधानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। गांवों के विकास के लिए लागू योजनाओं एवं प्रस्ताव बनाने के बारे में जानकारी दी जाएगी। कुल 63 क्लस्टर में 1294 प्रधानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण में निर्वाचित प्रधान ही उपस्थित रहेंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास