कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए देवरिया में मजबूत की जा रहींं स्वास्थ्य व्यवस्था
देवरिया,13 जुलाई(वार्ता) देश में कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के देवरिया में लोगों को बचाने तथा इससे लड़ने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर में बच्चों को ज्यादा मात्रा में चपेट में आने की आशंका व्यक्त की जा रही है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा यहां अपनी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने में लगा है। नवनिर्मित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज से संबद्ध जिला अस्पताल में सौ बेड,पीआईसीयू के पंद्रह बेड के अलावा बीस बेड का एक और पीआईसीयू तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।इसी के तहत महिला मेडिकल व सर्जिकल वार्ड के चालीस-चालीस बेड और बीस बेड के चाइल्ड वार्ड में कुल सौ बेड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही अस्पताल में पंद्रह बेड का अत्याधुनिक पीआईसीयू है। इसके समीप अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित बीस बेड का और एक पीआईसीयू वार्ड बनाने की तैयारी की जा रही है।
कोरोना से लड़ने के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज और इससे संबद्ध जिला पुरुष व महिला अस्पताल के 224 कर्मियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण देने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें फैकल्टी के 14, जिला पुरुष व महिला अस्पताल के 44 चिकित्सक व 50 जूनियर रेजिडेंट और 116 पैरा मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जाना है। इसमें जिनका प्रशिक्षण शेष है, वे प्रशिक्षण ले रहे हैं।मेडिकल कालेज से संबद्ध जिला अस्पताल की पीआईसीयू के लिए प्रोटेबल एक्स-रे मशीन मंगाई गई है। यह मशीन मरीज के बेड तक पहुंच जाएगी और वहीं एक्स-रे करेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें