योगी गोरखपुर में करेंगे सैनिक स्कूल का शिलान्यास

 गोरखपुर, 22 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर सैनिक स्कूल का शिलान्यास करेंगे। यह सूबे का पांचवा सैनिक स्कूल होगा।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि शिलान्यास कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। ‘युवाओं को शिक्षा, देश की रक्षा’ के मकसद के साथ शुरू हो रहे इस शैक्षिक प्रकल्प में कक्षा छह से 12 तक बालक बालिकाओं को आवासीय व्यवस्था के तहत शिक्षा प्रदान की जाएगी। छात्र छात्राओं के लिए अलग अलग कैम्पस होगा। गोरखपुर के सैनिक स्कूल का प्रशासनिक भवन प्राचीन भारतीय संस्कृति व परम्पर का दर्शन कराने वाला होगा।


उन्होने बताया कि सैनिक स्कूल में बनने वाले हॉस्टल राष्ट्र नायकों के नाम से समर्पित होंगे। साथ ही कैम्पस के अलग अलग स्थानों का नामकरण सेना के जाबांजो के नाम पर किया जाएगा। कैम्पस में बागवानी, जैविक खेती व गोशाला की भी व्यवस्था होगी।

सूत्रों ने बताया कि सैनिक स्कूल के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। यहां सभी भवनों में सोलर सिस्टम और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। क्लास रूम, हॉस्टल के अलावा बहुउद्देश्यीय सभागार, प्रेक्षागृह भी बनाया जाएगा। सुरक्षा और अनुशासन पर नजर रखने के लिए समूचा कैम्पस सीसीटीवी कैमरों से कवर रहेगा। मार्च पास्ट, झंडारोहण के लिए ट्रैक बनाए जाएंगे।

सैनिक स्कूल के कैम्पस में खेल प्रतिभाएं भी तराशी जाएंगी। यहां के विद्यार्थियों को फुटबाल, वॉलीबाल, बास्केटबाल, घुड़सवारी, शूटिंग, जिम्नास्टिक, तैराकी, टेनिस, दौड़ आदि खेलों के लिए प्रशिक्षण मिलेगा और इसके निमित्त ट्रैक व कोर्ट भी होंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास