पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ता मुखर
शामली 19 जुलाई (वार्ता) बरसों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर अधिवक्ता एक बार फिर मुखर हो गए हैं।
सोमवार को जिला बार एसोसियेशन के अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग की ।जिला बार एसोसियेशन के अध्यक्ष विजेन्द्र कुमार व अन्य अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनसंख्या लगभग 24 करोड है जबकि उत्तर प्रदेश में एक हाईकोर्ट इलाहाबाद में स्थित है और एक बेंच लखनऊ में है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता को न्याय पाने के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय जाना पडता है जिसमें वादकारियों का समय व धन दोनों गंवाना पडता है।
सन 1982 से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की मांग को लेकर शनिवार की हडताल चली आ रही है1 कई बार 6-6 माह से अधिक की हडताल भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की दूरी 350 से लेकर 800 किमी. तक है जबकि प्रदेश सरकार केन्द्र सरकार व उच्चतम न्यायालय व उच्च न्यायालय की अवधारणा यह है कि आमजन को सस्ता व सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जाए इसलिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता को राहत दिलाने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की खंडपीठ की स्थापना आवश्यक है।
उन्होंने राष्ट्रपति से हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें