पूरे देश ने हर्षाेल्लास संग मनाया 75वां स्वतंत्रता दिवस

 नयी दिल्ली 15 अगस्त (वार्ता) देश भर में रविवार को 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया जिसका मुख्य समारोह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित लाल किले पर आयोजित किया गया जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा फहराया।

इस अवसर पर श्री मोदी ने कई विकास योजनाओं की घोषणा की उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भता के लिए राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन, सैनिक स्कूलों में लड़कियों की शिक्षा और रोजगार के लिए प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना की घोषणा की। उन्होंने देश में रोजगार के अवसर बढ़ाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 100 लाख करोड रुपए की प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना शीघ्र शुरू किये जाने की भी घोषणा की है।


स्वतंत्रता दिवस समारोह पर वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का असर साफ तौर पर देखने को मिला। हर साल की तुलना में इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले में दर्शकों की संख्या काफी कम थी और इस बार स्कूली बच्चों को समारोह के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था। यानी इस बार के स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चे शामिल नहीं हुए।

इस बार प्रधानमंत्री ने पारंपरिक लिबास सफेद रंग का कुर्ता, चूड़ीदार पायजामा और नेवी ब्लू जॉकेट पहन रखी थी, लेकिन श्री मोदी की जिस पोशाक ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था, वह थी उनकी पगड़ी। श्री मोदी ने लंबी भगवा पगड़ी पहनी थी।

सालामी गारद का निरीक्षण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी लाल किले की प्राचीर पर पहुंचे, जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और रक्षा सचिव अजय कुमार ने उनका स्वागत किया। इन लोगों के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, आर्मी चीफ जनरल एम.एम. नरवणे, नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया भी इस मौके पर मौजूद थे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार टोक्यो ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। समारोह में जेवलिन थ्रो के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा समेत कुल 32 ओलिंपियन्स शामिल हुए। इनके साथ, 240 ओलिंपियन और भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारी भी लाल किले पर मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास