स्कॉडा ऑटो ने शुरू की कुशक की डिलीवरी
नयी दिल्ली, 13 अगस्त,(वार्ता) यात्री वाहन बनाने वाली कंपनी स्कॉडा ऑटो इंडिया ने हाल ही में लॉन्च किए गए 1.5 लीटर टीएसआई संचालित कॉम्पैक्ट एसयूवी कुशक को अपने ग्राहकों को डिलीवर करने का काम आज से शुरू कर दिया। कंपनी ने यहां जारी बयान में कहा कि 28 जून, 2021 को लॉन्च किए गए नए कुशक को ग्राहकों की शानदार प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। 1.5 एल टीएसआई संचालित कुशक अब पूरे भारत में मौजूद स्कॉडा ऑटो के सभी शोरूम में टेस्ट-ड्राइव और बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
इसमें फोक्सवैगन समूह की पूरी दुनिया में प्रशंसा पाने वाले लेटेस्ट जेनरेशन ईवीओ सीरीज़ का बेहद दमदार एवं कुशल 1.5 एल टीएसआई इंजन है, जो इस सेगमेंट में पहली बार एक्टिव सिलेंडर टेक्नोलॉजी (एसीटी) से लैस है। इंजन लोड कम होने पर एसीटी अपने आप ही दो सिलिंडर को बंद कर देता है, जिससे इसकी ईंधन दक्षता बढ़ जाती है। चार-सिलेंडर वाले इस इंजन के सभी सिलेंडर-ब्लॉक पर प्लाज्मा की कोटिंग की गई हैं।इंजन को 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के अलावा 7-स्पीड डीएसजी के साथ भी जोड़ा जा सकता है, जिसे पैडल शिफ्टर्स के साथ पेश किया गया है। गियर रेश्यो इस वाहन को स्पोर्टी और आरामदेह बनाते हैं, साथ ही इस श्रेणी में सबसे ज्यादा माइलेज भी मिलता है। मैनुअल ट्रांसमिशन के लिए कुशक 17.95 किलोमीटर प्रति लीटर और ऑटोमैटिक वैरिएंट के लिए 17.71 किलोमीटर प्रति किलोमीटर का माइलेज देता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें