अयोध्या में रामलला मंदिर निर्माण के भूमि पूजन की प्रथम वर्षगांठ कल
अयोध्या, 04 अगस्त (वार्ता) मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला के मंदिर निर्माण के लिये भूमि पूजन की प्रथम वर्षगांठ कल मनायी जायेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला के मंदिर निर्माण के लिये भूमि पूजन की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर विराजमान रामलला के विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया गया है, जिसमें संत धर्माचार्य व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष पांच अगस्त को जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंदिर निर्माण के लिये कार्य प्रारंभ व भूमि पूजन किया तो उसी दिन यह तिथि रामनगरी के इतिहास में दर्ज हो गयी थी। मंदिर निर्माण के भूमि पूजन की प्रथम वर्षगांठ को खास बनाने के लिये श्री योगी अयोध्या आ रहे और रामलला के दरबार में आयोजित होने वाले विशेष अनुष्ठान में शामिल होंगे। साथ ही साथ केन्द्र सरकार की चल रही अन्न योजना के तहत लाभार्थियों को अनाज भी वितरित करेंगे और राम मंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा भी लेंगे।
भूमि पूजन की वर्षगांठ के अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से रामलला के दरबार में विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस मौके पर अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है।
रामनगरी के संत भी कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए राम मंदिर के भूमि पूजन की वर्षगांठ को भव्यता पूर्वक मनाने की तैयारी में जुटे हैं। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री लगभग तीन घंटे यहां रहेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें