योगी ने बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण,बांटी राहत सामग्री
बलिया,13 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बलिया जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण के बाद नागाजी सरस्वती विद्या मन्दिर विद्यालय में 50 बाढ़ पीड़ितोें को राहत सामग्री का वितरण किया।
उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार तिरपाल की आपूर्ति बढ़ाकर सभी जरूरतमन्द को इसका वितरण किया जाए। ऐसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहां विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है, जहां जेनरेटर, बैटरी आदि के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था एवं मोबाइल चार्ज की सुविधा सुलभ करायी जाए।
श्री योगी ने कहा कि राहत एवं बचाव तथा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निरन्तर पेट्रोलिंग की जाए। राहत शिविरों में महिला आरक्षियों की तैनाती अनिवार्य रूप से हो। फसल को हुई क्षति का सर्वेक्षण कराकर हर किसान को मुआवजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए। कण्ट्रोल रूम निरन्तर संचालित रहें तथा प्राप्त होने वाली सूचनाओं का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्यवाही की जाए।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी, ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास राज्यमंत्री श्री आनन्द स्वरूप शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें