अयोध्या में प्रसिद्ध सावन झूला मेले में बाहरी श्रद्धालुओं पर पाबंदी


 अयोध्या,11 अगस्त (वार्ता) मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में प्रसिद्ध सावन झूला मेले में कोरोना की तीसरी लहर की संभावनाओं के चलते बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं पर प्रतिबंध लगा दिया है।

जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि अयोध्या के प्रसिद्ध सावन झूला मेले में कोरोना की तीसरी लहर के संभावनाओं को देखते हुए श्रद्धालुओं के आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आज से अयोध्या के प्राचीन मणिपर्वत पर झूलनोत्सव शुरू हो गया है, लेकिन कोरोना की तीसरी लहर की संभावना के चलते बाहर के श्रद्धालुओं के आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि बाकी जो स्थानीय श्रद्धालु हैं वह मंदिरों में दर्शन-पूजन करते रहेंगे। अयोध्या के मंदिरों से मणिपर्वत पर जाने वाले विग्रह जुलूस को भी स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन के साथ-साथ अयोध्या के संतों-महंतों ने भी श्रद्धालुओं से अपील की है कि भगवान राम के प्रति अपने घरों से ही आस्था निवेदित करें। उन्होंने बताया कि अगर कोई बाहरी श्रद्धालु आता है तो कोविड-19 की पूरी प्रक्रिया के मुताबिक उसे प्रशासन देखेगा तभी उसको अयोध्या नगरी में प्रवेश मिलेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जगह-जगह पर बैरीकेडिंग लगाकर श्रद्धालुओं को रोका जा रहा है। जिला प्रशासन ने सामूहिक रूप से सरयू स्नान पर भी प्रतिबंध लगाया है ताकि कोरोना का संक्रमण पहले से रोका जा सके। उन्होंने बताया कि जो स्थानीय श्रद्धालु हैं वह आम दिनों की तरह मंदिरों में दर्शन-पूूजन कर सकते हैं।

गौरतलब है कि सावन के मेले के दौरान प्राचीन मणिपर्वत पर सभी मंदिरों से भगवान के विग्रह को लेकर जुलूस के रूप में पहुंचते थे जहां पर भगवान के सभी विग्रह झूला झूलते थे और वहां पर दुकानें भी लगती थीं और लाखों की भीड़ भी होती थी। लेकिन इस बार मणिपर्वत एरिया को सील कर दिया गया है जहां पर स्थानीय इक्का दुक्का श्रद्धालु नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है जिससे आसपास की जगहों से श्रद्धालु न आ सकें। मेले को देखते हुए जिला बस्ती, जिला गोंडा और लखनऊ से आने वाले सभी बड़े वाहनों को डायवर्ट किया गया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास