मात्र छह दिन ही भाजपा में टिक सके जितेन्द्र सिंह बबलू
लखनऊ 10 अगस्त (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को छोड़ कर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने वाले पूर्व विधायक जितेन्द्र सिंह बबलू को पार्टी से निकाल दिया गया है।
भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी की नाराजगी को देखते हुये पार्टी ने यह फैसला लिया है। बबलू पर रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने का आरोप है। वह पिछली चार अगस्त को भाजपा में शामिल हुये थे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हे पार्टी की सदस्यता दिलायी थी। जानकारी होने पर श्रीमती जोशी पार्टी के फैसले पर नाखुशी जाहिर की थी। तभी से उनके भाजपा में भविष्य को लेकर अटकलें लगायी जाने लगी थी।बबलू की गिनती दबंग विधायकों में होती थी। कभी बसपा सुप्रीमो मायावती के करीबियों में गिने जाने वाले बबलू ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने की कोशिश की थी जिस पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उन्हे जेल जाना पड़ा था।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें