राम शरण की ओर चले,परम रामभक्त आज: योगी
लखनऊ 23 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम जन्मभूमि के नायक और दलितों ,गरीबों,वंचितों और पिछड़ों की आवाज रहे सुशासन के प्रणेता कल्याण सिंह के विचार भारतीय राजनीति को प्रेरणा प्रदान करते रहेंगे।
उन्होने कहा “ श्रद्धेय कल्याण सिंह का महानायकों जैसा अंतिम विदाई का कार्यक्रम अभी संपन्न हुआ है। मैं भारत माता के ऐसे महान सपूत को प्रदेशवासियों की ओर से विनम्र श्रद्धाजंलि देता हूं। उनके आराध्य और हम सबके आराध्य भगवान श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हे अपने श्रीचरणों में स्थान दें। हम सबकों इतनी सामर्थ्य दें कि उनके जो संकल्प थे, उन संकल्पों को हम आगे ले करके प्रभावी ढंग से क्रियान्वयनित कर सकें। ”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में एक लंबा समय व्यतीत किया लेकिन दृढता के साथ और आदर्शो के साथ समझौता किये बगैर अपनी लोकआस्था और लोक कल्याण के लिये पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। आज वो हमारे बीच में भौतिक रूप से नहीं है लेकिन उनके विचार और उनका कृतित्व सदैव उत्तर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को और भारतीय राजनीति को प्रेरणा प्रदान करती रहेगी।
गौरतलब है कि श्री कल्याण सिंह का पिछले शनिवार को लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। श्री योगी बुजुर्ग नेता को बीमारी के दौरान अस्पताल जाकर देखते रहे और उनके स्वास्थ्य की निरंतर जानकारी चिकित्सकों से लेते रहे। उनके निधन की सूचना के बाद वह अस्पताल पहुंचे और अंतिम संस्कार तक लखनऊ से अलीगढ़ तक लगातार बुजुर्ग नेता के पार्थिव शरीर के साथ रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें