सभी भारतीयों की सुरक्षित वापसी को प्रतिबद्ध : सरकार

 नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) काबुल से भारतीय दूतावास के राजनयिक और कर्मचारियों के यहां लौटने के बीच सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह अफगानिस्तान से सभी भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रतिबद्ध है और अफगान नागरिकों को वीजा सेवाएं भी प्रदान कर रही है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसे पहले ही अफगान सिख और हिंदू समुदाय के नेताओं से अनुरोध प्राप्त हो चुके हैं और वह उनके संपर्क में है। अफगानिस्तान से आने और जाने के लिए मुख्य चुनौती काबुल हवाई अड्डे की परिचालन स्थिति है, जहां सोमवार को वाणिज्यिक परिचालन स्थगित कर दिया गया था।
विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है,“इस पर हमारे सहयोगियों के साथ उच्च स्तर पर चर्चा हुई है, जिसमें विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ चर्चा की है।”
बयान में कहा गया है कि भारत सरकार सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रतिबद्ध है और काबुल हवाई अड्डे के वाणिज्यिक संचालन के लिए खोले जाने के बाद उड़ान की व्यवस्था शुरू करेगी।
इससे पहले दिन में अफगानिस्तान में भारतीय राजदूत रुद्रेंद्र टंडन की भारत वापसी का उल्लेख करते हुए बयान में कहा गया, “काबुल में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, यह निर्णय लिया गया कि हमारे दूतावास कर्मियों को तुरंत भारत ले जाया जाएगा। यह गतिविधि दो चरणों में पूरी की गई है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास