अयोध्या में सौंदर्यीकरण को लेकर झूठ बोलती है योगी सरकार: मिश्र
लखीमपुर खीरी.सीतापुर 05 अगस्त (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) महासचिव सतीश चन्द्र मिश्र ने गुरूवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या के घाटों के सौंदर्यीकरण को लेकर झूठ बोलती है।
श्री मिश्र ने कहा “ अयोध्या में घाटों का सौन्दर्यीकरणा बसपा सरकार ने किया। भाजपा सरकार सिर्फ झूठ बोलती है। ये लक्ष्मी स्वरुप सीता मैया का नाम कभी नहीं लेते और हम जय सियाराम बोलते है। सीता मैया जहाँ महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में रही थी। किसी भी सरकार ने उस जगह पर कभी ध्यान नहीं दिया क्योंकि वहां से इनको कोई राजनीतिज्ञ मुद्दा नहीं मिलता लेकिन बहन मायावती की सरकार ने वाल्मीकि आश्रम का सौंदर्यीकरण और विकास करने का काम किया।”ब्राह्मण दलित एकता की वकालत करते हुये बसपा नेता ने कहा कि 2007 के पहले प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण हाशिये पर थे सिर्फ पांच लोग विधानसभा में थे लेकिन बसपा सरकार ने ब्राह्मणों को महत्व दिया और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी ने टिकट देकर विधानसभा में बैठने का मौका दिया। सपा पार्टी के पूर्व ब्राह्मण मंत्री को इतना बेइज्जत किया गया कि अपने घर पहुँचने के बाद उनको दिल का दौरा पड़ गया। दलित समाज के लोगों को इसलिए प्रताड़ित किया जाता है कि वे बहन मायावती का साथ छोड़ दें लेकिन दलित बसपा का साथ कभी नहीं छोड़ते। उन्होने दावा किया कि
जिस दिन ब्राह्मण दलित समाज के साथ एक हो गया,उस दिन सारी सरकारें झुक जाएंगी ।
श्री मिश्र ने कहा कि सपा की तरह भाजपा की सरकार का भी कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं रहता। इसका कारण है कि ये अपराधियों को संरक्षण देने का काम करते हैं। सपा के शासनकाल में भी पूरे प्रदेश में भय का माहौल था ।
ये लोग करोड़ो रुपया का विज्ञापन देकर अपनी पीठ थपथपाने का काम करते है।
उन्होने कहा कि भाजपा के नेता पढ़े लिखे युवाओं से पकौड़े तलने की सलाह देते हैं। पकौड़े तलना कोई छोटा काम नहीं है लेकिन उच्च शिक्षा ग्रहण किया हुआ युवा वर्ग क्यों पकौड़े तलेगा। मंहगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुये कहा कि 200 रूपये का घरेलू सिलेंडर महंगा करके कर 800 रूपये से भी ज्यादा कर दिया गया। खाद्य तेल के दाम आसमान छू रहे हैं। उद्योगपति सरकार को चंदा देते हैं इसी वजह से सरकारी उद्योग पतियों को जमीन देने का काम कर रही है और किसानों से जमीन छीनने का काम बहुत जोरों से चल रहा है ।
बसपा महासचिव ने कहा कि कोरोना की आड़ में भाजपा सरकार ने आधे से ज्यादा कारखाने बंद करवा दिए जिस वजह से मजदूर सड़क पर आ गए हैं। बसपा किसान और गरीबों के साथ हर कदम पर खड़ी है और उनके लिए लड़ाई भी लड़ रही है । जनता के साथ बीजीपी सरकार ने विश्वासघात किया है। इस सरकार को बदलने का समय आ गया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें