किसानों के भारत बंद का बसपा ने किया समर्थन

 लखनऊ 26 सितम्बर (वार्ता) नये कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों के सोमवार को आयोजित होने वाले ‘भारत बंद’ काे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपना समर्थन दिया है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को ट्विटर के जरिये इस संबंध में अपनी पार्टी की सहमति का इजहार किया। उन्होने लिखा “ केन्द्र द्वारा जल्दबाजी में बनाए गए तीन कृषि कानूनों से असहमत व दुःखी देश के किसान इनकी वापसी की माँग को लेकर लगभग 10 महीने से पूरे देश व खासकर दिल्ली के आसपास के राज्यों में तीव्र आन्दोलित हैं व कल ’भारत बंद’ का आह्वान किया है जिसके शान्तिपूर्ण आयोजन को बीएसपी का समर्थन।”

उन्होने कहा “ केन्द्र सरकार से भी पुनः अपील है कि किसान समाज के प्रति उचित सहानुभूति व संवेदनशीलता दिखाते हुए तीनों विवादित कृषि कानूनों को वापस ले तथा आगे उचित सलाह-मश्विरा व इनकी सहमति से नया कानून लाए ताकि इस समस्या का समाधान हो। किसान खुश व खुशहाल तो देश खुश व खुशहाल।”

गौरतलब है कि नये कृषि कानूनों के खिलाफ किसान पिछले दस महीने से धरना-प्रदर्शन कर रहे है। 27 सितम्बर को आंदोलन के दस महीने पूरे होने के अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद का आह्वान किया है और अन्‍य संगठनों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है। किसान संगठनों ने राष्ट्रीय राजनीतिक दलों, ट्रेड यूनियनों, किसान संघों, युवाओं, शिक्षकों, स्‍टूडेंट्स, महिलाओं, मजदूर संघों से भारत बंद को सफल बनाने की अपील की है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास