अफगान हिंदुओं, सिखों को जल्द से जल्द अफगानिस्तान से निकालने की मोदी से अपील
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (वार्ता) तालिबान राज के बाद अफगानिस्तान से हजारों की संख्या में लोगों को निकाला गया है, बावजूद इसके कई लोग अभी भी वहां फंसे हुए हैं। ऐसे ही कुछ अफगान हिंदुओं और सिखों का एक वीडियो सामने आया है जो अफगानिस्तान में फंसे हुए हैं।
वीडियो में अफगान हिंदू तथा सिख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें जल्द से जल्द अफगानिस्तान से निकालने की भावुक अपील करते हुए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने श्री मोदी को उनके 71वें जन्मदिन की बधाई भी दी है। सूत्रों के मुताबिक यह वीडियो अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से भेजा गया है।
इस बारे में इंडियन वर्ल्ड फोरम के अध्यक्ष पुनीत सिंह चंडोक ने कहा, “ काबुल में फंसे भारतीयों और अफगान अल्पसंख्यकों की चिंताओं को संज्ञान में लिया जाता है, लेकिन दुर्भाग्यवश जैसा कि मुझे सूचित किया गया है, वहां विदेशी वाहकों के प्रस्थान और आगमन के साथ कामकाज से जुड़े विभिन्न मुद्दे हैं। मैं भारत सरकार से इस पर गौर करने और फंसे हुए अल्पसंख्यकों को जल्द से जल्द एयरलिफ्ट करने का अनुरोध करता हूं। ”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें