आरबीआई ने ग्राहकों को किय सचेत, न करें ओटीपी और पिन नंबर साझा
मुंबई 13 सितंबर (वार्ता) रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने ‘अपने ग्राहकों का जानो (केवाईसी) के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले जालसाजों से सचेत रहने की हिदायत देते हुए कहा कि उपभोक्ता फोन कॉल पर किसी से भी अपना खाता संख्या, एटीएम पिन नंबर और ओटीपी साझा न करें।
रिजर्व बैंक ने सोमवार को कहा कि आए दिन ग्राहकों से बैंक खातों का केवाईसी अपडेट कराने के नाम धोखाधड़ी किये जाने की शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं। जालसाज फोन कॉल, एसएमएस और ईमेल के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपना शिकार बनाते हैं। ऐसे लोग फोन करके ग्राहकों से केवाईसी अपडेट करने के नाम पर बैंक खाते का विवरण, एटीएम पिन नंबर, पासवर्ड और ओटीपी के बारे में पूछते हैं, ग्राहक जैसे ही ये जानकारी साझा करते हैं वैसे ही उनके खाते से राशि की निकासी कर ली जाती है। इनके अलावा जालसाज ग्राहकों को किस अनधिकृत ऐप से लॉगइन करने की भी सलाह देते हैं।आरबीआई ने ग्राहकों को सावधान करते हुए कहा कि वे किसी से भी अपने बैंक खाते का लॉगइन विवरण, व्यक्तिगत सूचना, केवाईसी की प्रति, कार्ड की जानकारी, पिन नंबर, पासवर्ड और ओटीपी की जानकारी साझा न करें। इनके अलावा ये सूचनाएं किसी अनधिकृत वेबसाइट या ऐप पर भी साझा न करें। यदि ग्राहकों से इस संबंध में कोई आग्रह करे तो वह तुरंत अपने बैंक की शाखा से संपर्क करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें