उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर से सत्ता में आएगी : नड्डा

 

नयी दिल्ली, 11 सितंबर ( वार्ता ) भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा ) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भरोसा जताया है उत्तर प्रदेश मे जनता एक बार फिर भाजपा सरकार के काम काज की बदौलत सत्ता में लेकर आएगी।

श्री नड्डा ने शनिवार को यहां आभासी माध्यम से उत्तर प्रदेश में ‘बूथ विजय अभियान’ का शुभारंभ करते हुए इस आशय का दावा किया। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार के गठन का निर्णय लिया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि श्री योगी, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव के नेतृत्व और सभी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से जनता का भरपूर आशीर्वाद मिलेगा।

श्री नड्डा ने कहा,“पार्टी के सभी कार्यकर्ता हमारी ताकत है, हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। 2022 में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ को मजबूत बनाना होगा।” उन्होंने कहा,“हमारी शक्ति हमारे बूथ कार्यकर्ता हैं। पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। हमारे बूथ कार्यकर्ताओं ने संकट के समय विषम परिस्थितियों में भी मानवता की सेवा का अनुपम कार्य किया है।”

श्री नड्डा ने कहा,“प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले सात वर्षों में भारत का आत्मविश्वास बढ़ा है, जनता के लिए बुनियादी सुविधाएं बढ़ी हैं, किसानों और गरीबों की आय बढ़ी है और देश मुश्किलों से उबर कर जल्द खड़ा होना सीख गया है। आजादी के 70 वर्षो में जो न हुआ, उसे सात वर्षों में श्री मोदी ने पूरा किया है। उनके नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 ख़त्म हुआ, तीन तलाक ख़त्म हुआ, श्री राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ, ओबीसी आयोग को संवैधानिक मान्यता मिली,‘वन रैंक-वन पेंशन’ लागू हुआ और आतंकवाद पर ‘सर्जिकल’ और ‘एयर स्ट्राइक’ हुआ।”

उन्होंने कहा,“दुनिया का सबसे बड़ी और सबसे तेज गति से चलने वाला टीकाकरण कार्यक्रम भारत में हुआ है। सबसे कम समय में 70 करोड़ टीके भारत में लगे जो अमेरिका सहित कई देशों की जनसंख्या से भी अधिक है। बीते 15-20 दिनों में तीन बार एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाए गए। अभी तक किसी भी देश ने एक दिन में इतने टीके नहीं लगाए हैं। दिसंबर तक हम देश की शत-प्रतिशत आबादी का टीकाकरण करने के लक्ष्य में जरूर सफल होंगे।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा,“करीब 1.70 लाख करोड़ रुपये की गरीब कल्याण योजना हो, देश के 80 करोड़ लोगों को लगातार दूसरे वर्ष मार्च से लेकर नवंबर, नौ महीनों तक मुफ्त आवश्यक अनाज उपलब्ध कराना हो, 50,000 करोड़ रुपये की गरीब कल्याण रोजगार योजना हो या फिर 20 लाख करोड़ रुपये का आत्मनिर्भर भारत अभियान हो, सरकार ने न सिर्फ 130 करोड़ देशवासियों को सुरक्षित किया, बल्कि उनकी दो वक्त की रोटी की भी चिंता की और देश के अर्थचक्र को भी गतिशील किया।”

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से ‘डीएपी’ पर प्रति बोरी 1200 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। रबी और खरीफ फसलों पर सबसे अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिल रही है। आठ सितंबर को ही रबी फसलों पर 40 रुपये से 400 रुपये तक प्रति क्विंटल एमएसपी बढ़ाई गई है।

विपक्ष पर हमला करते हुए श्री नड्डा ने कहा,“कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी सहित कई विपक्षी पार्टियों ने एमएसपी पर देश के किसानों को गुमराह करने की बहुत कोशिशें की एमएसपी था, है और रहेगा।”

उन्होंने कहा,“ किसान हमारे लिए भाग्य विधाता हैं, उनकी भलाई के लिए जो भी आवश्यक है, हम कर रहे हैं और करते रहेंगे। भाजपा सरकार आने से पहले देश का कृषि बजट महज 1.21 लाख करोड़ रुपये का था जो आज बढ़ कर लगभग 2.11 लाख करोड़ रुपये हो गया है। सरकार ने किसानों को देश में कहीं भी मनपसंद मूल्य पर अपनी फसल बेचने की आजादी दी है, किसानों के लिए तीन हज़ार रुपये मासिक पेंशन की व्यवस्था की है।”

इस कार्यक्रम में लखनऊ से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह , प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल एवं उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी राधामोहन सिंह सहित सभी वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी और भाजपा बूथ कार्यकर्ता आभासी तौर पर उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास