मुजफ्फरनगर किसान महापंचायत में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम,अर्द्धसैनिक बलों की होगी तैनाती
सहारनपुर,मुजफ्फरनगर 03 सितम्बर (वार्ता) किसान संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर पांच सितंबर को सहारनपुर मंडल के मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कालेज मैदान पर आयोजित किसान महापंचायत को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम करते हुए स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की जायेगी।
सहारनपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) डा. प्रीतिन्द्र सिंह ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच सितम्बर को मुजफ्फरनगर में होने वाली किसान महापंचायत को शांति पूवर्क सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इतंजाम किए गये हैं। उन्होंने पुलिस व्यवस्था की तैयारियों के बारे में बताया कि महापंचायत के दौरान बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरों से लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ वीडियोग्राफी भी की जाएगी।उन्होंने बताया कि पांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी देखेंगे और वह खुद भी मुजफ्फरनगर में मौजूद रहेंगे। सुरक्षा में सात अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस व्यवस्था का संचालन करेंगे। इसके लिए छह कंपनी पीएसी, दो कंपनी आरएएफ की तैनाती रहेगी। उन्होंने बताय कि 16 पुलिस उपाधीक्षक, 40 पुलिस निरीक्षकों के अलावा पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात रहेगें।
श्री सिंह ने बताया कि महापंचायत को ध्यान में रखते हुए चार फायर सर्विस की गाडि़यां भी मौजूद रहेंगी। यातायात व्यवस्था के लिए 55 दरोगा और कांस्टेबिल की तैनाती रहेगी। पुलिस लाइन से 212 निरीक्षक और उपनिरीक्षक मुजफ्फरनगर पंचायत में ड्यूटी देंगे और 900 के करीब हैंड कांस्टेबल और कांस्टेबल डयूटी में लगाए जाएंगे। सड़क मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर एंबूलेंस की सुविधा रहेगी।
इस बीच सहारनपुर के एसएसपी डा. एस चनप्पा ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू)के गढ़ नांगल क्षेत्र में प्रमुख किसान नेताओं से महापंचायत के बारे में फीडबैक लिया। भाकियू के प्रांतीय उपाध्यक्ष विनय कुमार ने एसएसपी डा. एस चनप्पा को भरोसा दिया कि किसान शांति बनाए रखेंगे और यदि कोई किसान या फिर असामाजिक तत्व किसानों के बीच अव्यवस्था को फैलाने का काम करेगा तो उसे वापस भेज दिया जाएगा। इस बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रजनीश उपाध्याय,भाकियू नेता राजपाल सिंह, योगेंद्र पप्पू, बलबीर चौधरी, बिजेंद्र कुमार और अमित मुखिया आदि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि नये तीन किसान कानूनों के विरोध में पिछले कई माह से भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्च में कई किसान संगठन दिल्ली सीमा पर आन्दोलनरत हैं। उसी कड़ी में पांच सितम्बर को मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत बुलाई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें