एनपीसीआई ने लॉन्च की एनफिनी, रुपे क्रेडिट कार्ड जारी करने में होगी आसानी
नयी दिल्ली 08 सितंबर (वार्ता) भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने दुनिया की अग्रणी भुगतान एवं वित्तीय सेवा प्रौद्योगिकी प्रदाता कंपनी फीसर्व के साथ मिलकर ‘एनफिनी’ लॉन्च करने की घोषणा की है, जिसकी मदद से बैंकों को रुपे क्रेडिट कार्ड जारी करना आसान हो जाएगा।
एनपीसीआई के कॉर्पोरेट रिलेशन प्रमुख नलिन बंसल ने बुधवार को कहा, “हमें बैंकों और फिनटेक के लिए रुपे क्रेडिट कार्ड जारी करने में मददगार तकनीक एनफिनी की लॉन्चिंग के लिए फिसर्व के साथ करार करने की खुशी है। यह तकनीक फिनटेक और बैंकों द्वारा दी जाने वाली नए जमाने की सेवाओं खासकर क्रेडिट कार्ड जारी करने में विविधता लाएगा। हमारा मानना है कि इससे देश में रुपे कार्डों का विस्तार करने में तेजी आएगी।उन्होंने कहा कि इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में क्रेडिट की पहुंच बढ़ेगी। इन संस्थानों को सेवाओं का एक मजबूत तकनीकी स्टैक प्रदान करने से न केवल उन्हें उत्पादों और सेवाओं के निर्बाध एकीकरण में मदद मिलेगी बल्कि उनके लिए प्रभावी ढंग से अधिक से अधिक ग्राहकों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।”
फिसर्व के महाप्रबंधक (भारत एवं श्रीलंका) ऋषि छाबड़ा ने कहा कि उनकी कंपनी को बड़ी आबादी के लिए क्रेडिट कार्ड और वित्तीय समाधानों का विस्तार करने की यात्रा में एनपीसीआई के साथ साझेदारी करने का गर्व है। वित्तीय और ऋण समावेशन को बढ़ावा देने के इस प्रयास में हम एनपीसीआई, वैकल्पिक डाटा प्रदाताओं और क्रेडिट ब्यूरो के साथ काम करने के लिए तत्पर हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें