दीनदयाल जयंती पर हर ब्लॉक में लगेगा ‘गरीब कल्याण मेला’
लखनऊ, 03 सितम्बर (वार्ता) ‘अंत्योदय’ के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती के मौके पर उत्तर प्रदेश के सभी 826 विकासखंडों में ‘गरीब कल्याण मेला’ आयोजित किया जायेगा।
प्रधानमंत्री अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभ,स्वास्थ्य जांच,आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था और निराश्रित पेंशन जैसी सुविधाओं की पात्रता होने के बाद भी अब तक इनका लाभ न मिला हो अथवा रोजगार-स्वरोजगार के लिए बैंकों की ऋण की आवश्यकता, सब एक ही समय, एक ही जगह, एक ही पंडाल में इन सभी जरूरतों का हल मिल सकेगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि 25 सितंबर को दीनदयाल जयंती प्रदेश में भव्य रूप से मनाई जाएगी। उन्होने कहा “ दीनदयाल जी ने हमें अंत्योदय की राह दिखाई है। ऐसे में उनकी जयंती समाज के अंतिम पायदान पर मौजूद वंचित तबके को समर्पित होनी, उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ”
उन्होने निर्देश दिए कि 25 सितंबर को सभी 826 विकासखंडों में ‘गरीब कल्याण मेला’ लगाए जाएं। इसके तहत, आरोग्य मेलों का आयोजन होगा, जहां लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों को मुफ्त इलाज की इस सुविधा से जोड़ा जाए। यही नहीं, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था और निराश्रित पेंशन योजना, बाल सेवा योजना आदि कल्याणकारी योजनाओं स्व वंचित पात्र लोगों को तत्काल इनका लाभ दिलाया जाए।
गरीब कल्याण मेले में कृषि विभाग और ओडीओपी की प्रदर्शनी भी लगेगी तो पीएम स्वनिधि और एमएसएमई स्थापना सहित रोजगार-स्वरोजगार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद होंगे। सीएम के निर्देशानुसार गरीब कल्याण मेले में स्थानीय सांसद और विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों की विशिष्ट उपस्थिति होगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें