राष्ट्रीय एकता के लिए कुछ ना कुछ जरूर करें: मोदी

 नयी दिल्ली 24 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि एकजुट प्रयासों से राष्ट्र को महान ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा सकता है इसलिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय एकता के लिए कुछ ना कुछ जरूर करना चाहिए।

श्री मोदी ने रविवार को आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 82वीं कड़ी में देशवासियों के साथ अपने विचार साझा करते हुए कहा कि सभी लोगों को राष्ट्र की एकता के लिए कुछ ना कुछ जरूर करना चाहिए। इससे मन की संतुष्टि मिलती है।


श्री मोदी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 31 अक्टूबर को होने वाली जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा, “अगले रविवार, 31 अक्तूबर को, सरदार पटेल जी की जन्म जयंती है। ‘मन की बात’ के हर श्रोता की तरफ से, और मेरी तरफ से, मैं, लौहपुरुष को नमन करता हूँ।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि 31 अक्तूबर को हम ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाते हैं। इस अवसर पर सभी का दायित्व है कि एकता का संदेश देने वाली किसी-ना-किसी गतिविधि से जरुर जुड़ें। उन्होंने गुजरात पुलिस की कच्छ के लखपत किले से 'एकता मूर्ति' तक बाईक रैली और त्रिपुरा पुलिस की त्रिपुरा से एकता मूर्ति तक बाईक रैली का जिक्र करते हुए कहा कि ये पूरब से चलकर पश्चिम तक देश को जोड़ रहे हैं।

श्री मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान भी उरी से पठानकोट तक बाईक रैली निकालकर देश की एकता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कुपवाड़ा जिले में महिलाओं द्वारा कश्मीर में सेना और सरकारी दफ्तरों के लिए तिरंगा सिलने का उल्लेख किया और कहा कि ये काम देशभक्ति की भावना से भरा हुआ है।

श्री मोदी ने सरदार पटेल के कथन – “हम अपने एकजुट उद्यम से ही देश को नई महान ऊँचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। अगर हममें एकता नहीं हुई तो हम खुद को नई-नई विपदाओं में फंसा देंगे” का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता है तो ऊँचाई है, विकास है। हम सरदार पटेल के जीवन से, उनके विचारों से, बहुत कुछ सीख सकते हैं। उन्होंने कहा कि

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने भी हाल ही में सरदार पटेल की सचित्र जीवनी प्रकाशित की है। युवाओं को इसे अवश्य पढ़ना चाहिए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास