सभी एमडी उपकेंद्र पर करें ओटीएस की समीक्षा: शर्मा
लखनऊ 27 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा ने बुधवार को सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिये कि वे एकमुश्त समाधान योजना की जानकारी उपभोक्ताओं तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
शर्मा ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये एकमुश्त समाधान योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी डोर नॉक करके योजना की जानकारी उपभोक्ताओं को जरूर दें तोकि एक भी लाभार्थी इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।उन्होंने कहा कि योजना शुरू हुए एक सप्ताह हो चुके हैं लेकिन अभी तक सभी उपभोक्ताओं को विभागीय कार्मिकों द्वारा इसकी जानकारी व्यक्तिगत रूप से नहीं दी जा सकी है, यह किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने यूपीपीसीएल के अध्यक्ष को निर्देशित किया कि सभी पात्र उपभोक्ताओं के दरवाजे तक विभागीय अधिकारी जरूर पहुंचे।
ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी डिस्कॉम के एमडी व डायरेक्टर उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण करें। योजना की प्रगति के संबंध में जानकारी करें, स्वयं उपभोक्ताओं के दरवाजे पर जाकर डोर नॉक करें। जिससे शत प्रतिशत उपभोक्ता योजना का लाभ ले सकें। उन्होंने निर्देशित किया कि जहां भी त्रुटिपूर्ण बिल संबंधी शिकायत आई है उसका निपटारा भी तत्काल हो जाये। सभी डिस्कॉम एमडी इसकी अपने स्तर से इसकी समीक्षा करें। यूपीपीसीएल अध्यक्ष इसकी सघन निगरानी करें।
उन्होंने आपूर्ति के संबंध में भी विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुये कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए महंगी बिजली खरीद रही है। उसका सभी को लाभ मिले, रोस्टर के अनुरूप सभी को निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित हो यूपीपीसीएल अध्यक्ष स्वयं के स्तर से इसकी नियमित समीक्षा करते रहें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें