नहीं रहे जागरण समूह के चेयरमैन योगेन्द्र मोहन,मोदी ने जताया दुख

 कानपुर 15 अक्टूबर (वार्ता) जागरण समूह के चेयरमैन योगेन्द्र मोहन का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को कानपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब 83 साल के थे।

उनका अंतिम संस्कार गंगा तट पर शनिवार को किया जायेगा। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर तिलक नगर स्थित आवास पर दर्शनार्थ रखा गया है जिनको श्रद्धाजंलि देने के लिये लोगों का तांता लगा हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम गणमान्य हस्तियों ने श्री योगेन्द्र मोहन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये शोक संतप्त परिजनो के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
श्री मोदी ने ट्वीट किया “ दैनिक जागरण समूह के चेयरमैन योगेन्द्र मोहन गुप्ता जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना कला, साहित्य और पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ऊं शांति।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा “ दैनिक जागरण समूह के चेयरमैन श्री योगेंद्र मोहन गुप्ता जी का निधन अत्यंत दुःखद है। यह पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व पाठकों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
रक्षा मंत्री ने ट्वीट किया “ ‘दैनिक जागरण’ मीडिया ग्रुप के चेयरमैन,श्री योगेंद्र मोहन गुप्ता का निधन बेहद पीड़ादायक है। स्वभाव से बेहद सौम्य एवं सरल, योगेन्द्रजी मुद्दों की बहुत बारीक समझ रखते थे। उनका जाना हिंदी पत्रकारिता जगत की एक बड़ी क्षति है। उनके शोकाकुल परिवार और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ।”
अपने प्रियजनो के बीच सोहन बाबू के नाम से मशहूर श्री योगेन्द्र मोहन का जन्म 14 दिसंबर 1937 को हुआ था। वह कंचनप्रभा नामक पत्रिका के संपादक रह चुके थे। कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी उनका अविस्मरणीय योगदान रहा। कानपुर में लक्ष्मीदेवी ललित कला अकादमी की स्थापना का श्रेय उन्हें ही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास