समाजवादी पार्टी कर सकती है अंबेडकर के सपनो को पूरा: वर्मा

 लखनऊ 25 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधानमंडल दल के नेता रह चुके लालजी वर्मा ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुशासन से मुक्ति दिलाने और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के समतामूलक समाज के सपने को पूरा करने की कुव्वत सिर्फ समाजवादी पार्टी (सपा) में है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी दफ्तर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री वर्मा ने बसपा से निकाले जाने का दर्द बयां करते हुये कहा “ मैं 25 साल से और रामअचल राजभर करीब 35 साल से बसपा के एक अनुशासित सिपाही की तरह निष्ठावान रह कर बाबा साहब के सपनों के अनुसार समतामूलक भारत के निर्माण में अपना योगदान दे रहे थे। तीन जून को बसपा अध्यक्ष मायावती ने हम दोनो को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया। उस समय मैं कोरोना की बीमारी से ग्रसित था और पूरी तरह ठीक भी नहीं हो पाया था। ऐसी स्थिति में भी पार्टी से निकालने का काम किया गया। ”

उन्होने कहा “ हमने तीन जून से अब तक क्षेत्र में रहकर तथा पूरे प्रदेश में लाेगों से जानने का प्रयास किया और पाया कि भाजपा का कुशासन और भ्रष्टाचार एवं अपराध को बढाने का प्रवृत्ति से छुटकारा सपा दिला सकती है। भाजपा सरकार में किसानों का उत्पीडन हुआ, यहां तक कि उन्हे टायराें से कुचलने का काम हुआ। किसान की आमदनी दोगुनी करने के बजाय लागत मूल्य चार गुना करने का काम भााजपा सरकार ने किया है। दलितों पिछडो के आरक्षण में डाका डालने का काम भाजपा ने किया है। इन परिस्थितियों में महसूस किया गया कि आज भाजपा के कुशासन का विकल्प और समतामूलक समाज की स्थापना का केन्द्र सपा बन सकती है। ”

श्री वर्मा ने कहा “ हमने सात नवम्बर को अंबडेकर नगर जिले के अकबरपुर में भानुमती पीजी कालेज मैदान में सत्ता परिवर्तन की चाहत रखने वाले लोगों के लिये सत्ता परिवर्तन जनादेश रैली का आयोजन किया गया है जिसमें वे अपने तमाम साथियों के साथ मौजूद रहेंगे। रैली में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। उनसे अपेक्षा है कि बाबा साहब के सपना को साकार करने और चौधरी चरण सिंह के समतामूलक समाज की स्थापना जिसमें जिसकी जितनी संख्या है उसके अनुरूप उसकी हिस्सेदारी देने के लिये प्रदेश में एक समावेशी सरकार की स्थापना का काम सपा करेगी। ”

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास