नवंबर में कुशीनगर से शुरू होगी घरेलू हवाई सेवा
कुशीनगर 18 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय नागरिक उड्डयन सचिव राजीव बंसल ने कहा कि भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से घरेलू उड़ाने नवम्बर में शुरू हो जायेंगी।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लेने आये श्री बंसल ने कहा कि नवंबर में यहां से घरेलू उड़ान शुरू हो जाएगी। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी सभी तैयारियां पूरी हैं। कोरोना संकट पूरी तरह से समाप्त होते ही यह भी शुरू हो जाएंगी!उड्डयन सचिव ने बताया कि अभी कोविड संकट के चलते विदेश में नागरिकों को पर्यटन वीजा मिलने में दिक्कत आ रही है। इसके चलते कुशीनगर के नए एयरपोर्ट से अभी अंतरराष्ट्रीय उड़ान में थोड़ी अड़चन आ रही है। अगले महीने यहां से घरेलू उड़ान नियमित तौर पर शुरू कर दी जाएगी।
आईएलएस सिस्टम नहीं लगने की बात पर सचिव ने कहा कि यहां रनवे का क्षेत्रफल बहुत बड़ा है। ऐसे में इसमें कोई अड़चन नहीं आएगी। अंतरराष्ट्रीय उड़ान प्रारंभ होने से श्रीलंका, जापान ,ताइवान ,दक्षिण कोरिया, चीन, थाईलैंड, वियतनाम, सिंगापुर, दक्षिण पूर्व एशियाई देशों से सीधे अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ेगी। पर्यटकों को कुशीनगर पहुंचने में भी सुगमता होगी। वहीं घरेलू उड़ान शुरू होने से बौद्ध सर्किट के लुंबिनी, बोधगया, सारनाथ, कुशीनगर श्रावस्ती, राजगीर, संकिसा एवं वैशाली की यात्रा पर्यटक पहले से कम समय में पूरी कर सकेंगे।
गौरतलब है कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। पूर्वांचल के लिए विकास की इस सबसे बड़ी परियोजना से लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें