अयोध्या कैंट के नाम से जाना जायेगा फैजाबाद जंक्शन

 लखनऊ 23 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम अयोध्या कैंट करने की सिफारिश केन्द्र सरकार को भेजी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर यह जानकारी दी जिसमें कहा गया है “ यूपीसीएम योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम ‘अयोध्या कैन्ट’ करने का निर्णय लिया है। ”


गौरतलब है कि किसी भी रेलवे स्टेशन के नाम की सिफारिश राज्य सरकार करती है। अब केंद्रीय गृह मंत्रालय का काम है कि राज्य सरकार के निर्णय पर फैसला ले और उसे रेलवे को सूचित करे जिसके बाद रेलवे स्टेशन का नाम बदला जायेगा।

इससे पहले 2018 को योगी सरकार ने फैजाबाद जिले का नाम बदल कर अयोध्या किया था। भाजपा सरकार ने इलाहाबाद का नाम बदल कर प्रयागराज और मुगलसराय का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रेलवे स्टेशन किया था। हाल ही में झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन’ करने की मांग ने भी जोर पकड़ा है।

स्टेशनो और शहरो के नाम बदले जाने के पीछे योगी सरकार का तर्क है कि मुगल हमारे नायक नहीं हो सकते हैं। इसीलिये मुगलों के नाम पर बसे शहर, स्टेशन और संग्रहालय के नाम बदलने की कार्रवाई की जा रही है।

फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदल कर अयोध्या कैंट करने का अनुरोध अयोध्या के भाजपा सांसद लल्लू सिंह तथा भाजपा नेता शोभनाथ दुबे ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री से किया था। लल्लू सिंह तथा भाजपा नेता शोभ नाथ दुबे ने केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार जताया है।

भाजपा नेता शोभनाथ दुबे का कहना है कि राम की नगरी है यहाँ सिर्फ़ राम राम जय सीता राम का पाठ होना चाहिए ,उनके नाम से शहर होना चाहिये ज़िला होना चाहिये। उनका कहना है कि इस प्रदेश का नाम ही अयोध्या होना चाहिये।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास