त्योहारों पर स्थानीय उत्पाद खरीदने का आह्वान किया मोदी ने

 कुशीनगर (उत्तर प्रदेश), 20 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दिवाली और छठ जैसे आगामी पर्वों की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनसे इन त्यौहारों पर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि इससे इन सामानों को बनाने वाले स्थानीय कामगारों की ऊर्जा और प्रसन्नता बढ़ेगी तथा त्यौहारों में अधिक चमक आएगी।

श्री मोदी विश्वभर के बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए पावन पूर्वी उत्तर प्रदेश के इस कस्बे में स्थापित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन तथा कुछ अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के अवसर पर आयोजित जन-सभा को संबोधित कर रहे थे।

श्री मोदी ने कहा, ‘ दीवाली और छठ पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूँ। हां, एक आग्रह मैं आपसे फिर करुंगा। लोकल के लिए वोकल होना भूलना नहीं है। लोकल खरीदने का आग्रह रखना है, दीवाली हमारे ही पास पड़ोस के भाई बहनों के पसीने से जो चीजें बनी है अगर उसी से ही करेंगे तो दीवाली में अनेक रंग भर जाएंगें, एक नया प्रकाश पैदा होगा, एक नई ऊर्जा प्रकट होगी।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी इस अपील का मतलब है, ‘इन त्योहारों में अपने लोकल प्रोडक्ट्स (स्थानीय स्तर पर बने सामान) को हमें ज्यादा से ज्यादा खरीदना है।”

उन्होंने कहा कि आने वाला समय उत्तर प्रदेश की आकांक्षाओं की पूर्ति का समय है। आजादी के इस अमृतकाल में, यह हम सभी के लिए जुट जाने का समय है। राज्य में विधान-सभा चुनाव अगले वर्ष के शुरू में होने वाले हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास