योगी ने गोरखपुर को दिया प्री दिवाली गिफ्ट

 गोरखपुर 24 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर को 180 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का प्री दिवाली गिफ्ट दिया।


श्री योगी ने 38.32 करोड़ रुपये की लागत से बने शहर के पहले मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन किया, साथ ही करीब 142 करोड़ रुपये की लागत वाले नगर निगम के 358 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में श्री योगी ने कहा कि विकास परियोजनाएं गवाह हैं कि हमने गोरखपुर और समूचे उत्तर प्रदेश में कोरोनाकाल के संकट के बावजूद जीवन भी बचाया और जीविका भी।


दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में श्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने 12.60 करोड़ से अधिक कोरोनारोधी टीकाकरण और सवा आठ करोड़ से अधिक कोरोना जांच कर कीर्तिमान बनाया है। इलाज के लिए यूपी के अस्पतालों में 1 लाख 80 हजार बेड तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश किसी भी मामले में कमजोर नहीं है बल्कि देश का अग्रणी राज्य है। विकास की इसी सोच को तेजी से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश केंद्र सरकार की सभी योजनाओं में अग्रणी है। आज हम देश की 44 योजनाओं में नंबर वन हैं चाहे वह स्वच्छ भारत मिशन हो,प्रधानमंत्री आवास योजनाए स्वनिधि योजना,सौभाग्य योजना,उज्जवला योजना,आयुष्मान योजना,स्वामित्व योजना हो या फिर स्टार्टअप आदि सभी मे हम पहले स्थान पर हैं।

उन्होंने कहा कि ये योजनाएं सात वर्ष पहले ही उत्तर प्रदेश में लागू हो जानी चाहिए थीं लेकिन पिछली सरकार ने जनहित पर ध्यान ही नहीं दिया। साढ़े चार साल पहले जनता जनार्दन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विश्वास करते हुए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाई तो देखते ही देखते सभी योजनाओं को लागू किया गया। इससे हर गरीब के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। विकास योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव हर किसी को मिल रहा है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास