योगी ने दिए जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
लखनऊ,10 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरसों के तेल व वनस्पति घी के मूल्यों में अचानक तेजी को देखते हुए जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं।
श्री योगी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य तेलों के मूल्यों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त को निर्देशित किया कि वे खाद्य एवं रसद विभाग तथा कृषि विभाग के साथ समीक्षा करें। साथ ही, सभी मण्डलायुक्त के साथ भी संवाद करें। उन्होंने जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज, लखनऊ के टेण्डर आदि की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अक्टूबर, 2021 से इस इंस्टीट्यूट की निर्माण प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी जाए।श्री योगी ने कहा कि पर्व एवं त्योहारों का समय प्रारम्भ हो चुका है। इसके दृष्टिगत सभी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए दुर्गा पूजा कमेटियों,धर्माचार्यों, किसान संगठनों और सिविल सोसाइटी के साथ संवाद बनाते हुए सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था सतत बनायी रखी जाए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें