एलईडी बल्ब पर भ्रमित होने की ज़रूरत नहीं : सीईएसएल
नयी दिल्ली,14 अक्टूबर (वार्ता) देश में 'ग्राम उजाला योजना' के तहत सस्ती दर पर एलईडी बल्ब उपलब्ध कराने वाली सरकारी क्षेत्र की कंपनी कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) ने कहा है की ग्राम उजाला योजना के तहत वितरित किये जा रहे एलइडी बल्बों को लेकर कुछ नकारात्मक खबरें फैलाई जा रही है जो पूरी तरह से निराधार और झूठी हैं।
सीईएसएल ने कहा है कि उसके एक उपभोक्ता के एलईडी बल्ब में मोबाइल चिप मिलने के बाद भ्रम फैलाया जा रहा है। कंपनी ने कहा, “आम जनता से अनुरोध है कि वह झूठी खबरों से घबराएं नहीं और न ही उन खबरों पर विश्वास करें।”
कंपनी ने कहा, “एलईडी बल्ब की स्थापना के समय डेटा मीटर में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड एक वैध अभ्यास है और यह किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं है। हमारा अनुरोध है कि इस राष्ट्रीय पहल को किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से न जोड़ें।”
ग्राम उजाला योजना के तहत सीईएसएल ने उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्यों में लगभग 30 लाख एलईडी बल्ब सफलतापूर्वक वितरित किए हैं। परियोजना के तहत एलईडी बल्बों का कितने उपभोक्ता इस्तेमाल कर रहे हैं, यह जानने के लिए डेटा मीटर लगाए गए हैं। डेटा मीटर घर में उपभोक्ता की सहमति से 90 दिनों की अवधि के लिए लगाया जाता है और बाद में डेटा मीटर हटा दिया जाता है।
'ग्राम उजाला योजना' के तहत उपभोक्ताओं को तीन साल की वारंटी के साथ सात और 12 वाट के एलईडी बल्ब 10 रुपये की दर से दिए जाते हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें