योगी ने किया काली मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण
गोरखपुर 13 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां 75.96 लाख रुपये की लागत से काली बाड़ी मन्दिर के सौन्दर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि इस मन्दिर ने सेवा कार्याें के सम्पादन में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्दिर के सौन्दर्यीकरण से आकर्षण बढ़ेगा, सुविधाओं में वृद्धि होगी तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों को नवरात्रि एवं विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय जनता ने मन्दिर के सौन्दर्यीकरण कार्याें में सहयोग कर मन्दिर को दर्शनीय बनाने का सराहनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक स्थलों का सौन्दर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार करा रहे हैं, जिससे लोगों को रोजगार मिलने में मदद मिल रही है। इस अवसर पर मन्दिर के महन्त रविन्द्र दास समेत जनप्रतिनिधि एवं मन्दिर से जुड़े लोग उपस्थित थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें