डीएपी व यूरिया की नहीं है कमी,अधिकारी रखें उपलब्धता एवं वितरण पर नजर: राजेंद्र कुमार

 

लखनऊ 23 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने प्रदेश में किसानों के लिये रासायनिक खाद डीएपी और यूरिया की कोई कमी नहीं होने का दावा करते हुये मंगलवार को कहा कि संबंधित अधिकारियों को उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण पर पैनी नजर रखने की जरूरत है।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में यहां आयोजित बैठक में धान खरीद एवं डीएपी उर्वरक की उपलब्धता आदि की ताजा प्रगति की गहन समीक्षा की गई। प्रदेश में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा करते हुए तिवारी ने कहा कि प्रदेश में डीएपी एवं यूरिया की कोई कमी नहीं है, संबंधित अधिकारी उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण पर पैनी नजर रखें। उर्वरकों की ब्लैक मार्केटिंग एवं तस्करी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाये।

तिवारी ने कहा कि किसानों को अपना धान बेचने में कोई असुविधा न हो, इसे प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराया जाये। सभी क्रय केन्द्रों में पूरी पारदर्शिता के साथ धान की खरीद तथा अधिकारियों द्वारा धान खरीद प्रक्रिया की नियमित मॉनीटरिंग सुनिश्चित की जाये। नोडल अधिकारी नियमित रूप से धान क्रय केन्द्रों का निरीक्षण तथा केन्द्रों की व्यवस्थाओं के संबंध में किसानों का भी फीडबैक प्राप्त करें। इसके अतिरिक्त, नोडल अधिकारी किसानों को समय से भुगतान हो रहा है अथवा नहीं, इसकी भी समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट उपलब्ध करायें।

उन्होंने कहा कि जिन जनपदों में धान की खरीद की प्रगति कम है, नोडल अधिकारी अपने निरीक्षण में इसकी भी समीक्षा करें तथा जाँच में धान क्रय केन्द्रों की व्यवस्थाओं में यदि कोई कमी परिलक्षित होती है तो अपनी निरीक्षण रिपोर्ट में इसका स्पष्ट उल्लेख अवश्य करें ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी सहित सहकारिता, खाद्य एवं रसद तथा अन्य सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास