पार्टी जहां से कहेगी वहां से लड़ूंगा: योगी

 गोरखपुरए 06 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ख़ुद के चुनावी समर में उतरने को लेकर स्पष्ट किया है कि पार्टी जहां से कहेगी वह वहां से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि अगले वर्ष होने वाले विधान सभा चुनाव में योगी ही भाजपा का चेहरा होंगे।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार की रात में गोरखनाथ मंदिर में मीडियाकर्मियों के साथ मुलाकात में अनौपचारिक बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में किसी भी प्रत्याशी के चुनाव लड़ने का फ़ैसला करने के लिए पार्टी का संसदीय बोर्ड है। किसे कहां से चुनाव लड़ना है इसका निर्णय यही बोर्ड करता है।


योगी ने बीते साढ़े चार वर्षों के अपने कार्यकाल का ब्योरा देते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने जो कहा, वह करके दिखाया। खासतौर पर जब सत्ता की बागडोर उन्होने संभाली तो सबसे बदतर स्थिति कानून व्यवस्था की थी लेकिन आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरे देश में नजीर है।

उन्होंने कहा कि इसी तरह कोरोना पर नियंत्रण, ग़रीबों को अनाज वितरण और विकास के लक्ष्य को पूरा करने के मामले में भी प्रदेश अव्वल रहा है। उनके कार्यकाल में प्रदेश में निवेश बढ़ा और रोजगार के अवसर में वृद्धि हुई है। पहले भारत से निवेश बाहर जाता था, आज बाहर से निवेश भारत मे आ रहा है और इसमें उत्तर प्रदेश बेस्ट डेस्टिनेशन बना है। शानदार रोड कनेक्टिविटी और सुरक्षा की गारंटी का इसमे बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव का उत्तर प्रदेश का आयोजन वैश्विक मंच पर छा गया है। दिवाली तो हमारे आने के पहले से मनाई जाती रही है, प्रयागराज में कुंभ भी पहली बार नहीं हुआ था लेकिन तब यूपी के सामने पहचान का संकट था। अयोध्या के दीपोत्सव, प्रयागराज के भव्य.दिव्य कुम्भ जैसे आयोजनों, बेहतर कानून व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उनके क्रियान्वयन से हमनें उत्तर प्रदेश को पहचान के संकट से मुक्ति दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी माह पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन होने जा रहा है। इससे 60 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होने कहा कि उनके कार्यकाल में साढ़े चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई।

उन्होंने कहा कि कोयला संकट के दौरान प्रदेश ने 22 प्रति यूनिट तक की दर से बिजली खरीदी लेकिन राज्य के लोगों को कोई परेशानी नहीं होने दी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास