पूर्व मंत्री राजेन्द्र त्रिपाठी सहित विभिन्न दलों के नेता भाजपा में शामिल
लखनऊ, 24 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संभावित विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दलबदल के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुये कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र त्रिपाठी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व विधायक कृष्ण पाल सिंह राजपूत सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने शुक्रवार काे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं पार्टी की ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने त्रिपाठी और राजपूत के अलावा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी गुरुबचन लाल को भी भाजपा में शामिल करवाया। त्रिपाठी कांग्रेस के प्रयागराज से पूर्व विधायक हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में गृह एवं पर्यावरण और वन मंत्री रहे हैं। वहीं राजपूत, झांसी जिले की बबीना सीट से 2012 से 2017 तक बसपा के विधायक रहे।
इनके अलावा बिजनौर से रालोद के वरिष्ठ नेता मुनिदेव शर्मा, बुलंदशहर के बसपा नेता वीर सिंह प्रजापति, लखनऊ के सपा नेता बलबीर सिंह चौहान और सीतापुर से पूर्व सांसद गनेशी लाल चौधरी की पुत्रवधू सावित्री देवी ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। बाजपेयी ने भाजपा में शामिल हुये सभी नेताओं का स्वागत करते हुये कहा कि इनके पार्टी में शामिल होने से भाजपा को मजबूती मिलेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें