उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र बुधवार से

लखनऊ 14 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश राज्य विधानमंडल का संक्षिप्त मगर महत्वपूर्ण शीतकालीन सत्र बुधवार से शुरू होगा। इसमें चालू वित्त वर्ष के लिये अनुदान की मांग और आगामी वित्तीय वर्ष के लिये लेखानुदान प्रस्ताव पेा किया जायेगा।

विधान सभा अध्यक्ष, हृदय नारायण दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को हुयी कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में इस सत्र की कार्यवाही के एजेंडे पर विचार विमर्श किया गया। विधान सभा सचिवालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार बैठक में चालू वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही के लिये अनुपूरक अनुदान की मांगों एवं आगामी वित्त वर्ष 2022-23 के अन्तरिम बजट के लिये लेखानुदान को सदन पटल पर प्रस्तुत किये जाने पर विचार-विमर्श हुआ।

बुधवार को सत्र के पहले दिन की कार्यसूची के बारे में बैठक में तय किया गया कि सदन की बैठक शुरु होने पर विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष, सुखदेव राजभर एवं प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) बिपिन रावत एवं अन्य सैन्य अधिकारियों के असामायिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की जायेगी।

इसके अगले दिन गुरुवार को दिन में 11ः00 बजे सदन पटल पर द्वितीय अनुपूरक मांगों एवं वित्तीय वर्ष 2022-23 के अन्तरिम बजट के पहले भाग के लिए लेखानुदान पेश किया जायेगा। इसके बाद बजट प्रस्तुतीकरण के उपरांत सदस्यों के प्रश्न लिये जायेंगे।

उसके उपरांत सदन के एजेंडा के अनुसार सामान्य कामकाज सम्पन्न होगा। इसी दिन सायं 04.30 बजे विधान सभा के सभी सदस्यों का ग्रुप फोटो सेशन होगा। वहीं शुक्रवार काे सदन में द्वितीय अनुपूरक मांगों पर चर्चा एवं पारित करने का प्रक्रिया को पूरा किया जायेगा। बैठक में विधान सभा के उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के अलावा सपा एवं बसपा सहित विभिन्न दलों के सदन में नेता भी उपस्थित हुये।

उल्लेखनीय है कि योगी सरकार के मौजूदा कार्यकाल का यह संभवत: आखिरी सत्र हाेगा। समझा जाता है कि इस के हंगामेदार होने के पूरे आसार है। विधानसभा चुनाव के ठीक पहले बुलाये गये तीन दिवसीय सत्र में विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की पुरजोर कोशिश करेगा। मौजूदा विधान सभा का कार्यकाल अगले साल मार्च में पूरा होने के कारण राज्य में आम चुनाव प्रस्तावित हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास