उप्र चुनाव में भाजपा दो अंकों में सिमट जाएगी: किरणमय नन्दा
रामपुर 12 दिसंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद किरणमय नंदा ने उत्तर प्रदेश की मौजूदा योगी सरकार के प्रति जनता में भारी रोष व्याप्त होने का हवाला देते हुये दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दो अंकों में सिमट कर रह जायेगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 117 विधानसभा सीटों की समीक्षा के लिए मुरादाबाद मंडल में शनिवार को यहां पहुंचे नंदा ने पत्रकारों से कहा कि मंहगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर जनता में अत्यधिक नाराजगी है। नंदा ने समीक्षा बैठक के बाद सपा सांसद आजम खान के आवास पर उनकी पत्नी और रामपुर की विधायक डॉ तज़ीन फातिमा तथा उनके बेटे अदीब आज़म से देर शाम मुलाकात कर कुशलक्षेम ली। गौरतलब है कि आजम वित्तीय अनियमिताओं के मामलों में अदालती कार्रवाई का सामना कर रहे हैं और इन दिनों जेल में बंद हैं।उनके आवास पर ही मीडिया से बातचीत में नंदा ने कहा कि सपा की संगठनात्मक शक्ति में इजाफा हुआ है। पार्टी मुरादाबाद मंडल की सभी सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में सपा की चुनावी तैयारियों की समीक्षा में स्पष्ट हो गया है कि भारी बहुमत से अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बन रहे हैं। इाकी एकमात्र वजह समाज के सभी वर्गों में भाजपा के लिये भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से समाज हित में काम करने वाले आजम खान के साथ सरकार ने विद्वेषपूर्ण तरीके से कानूनी कार्रवाई की है, उसी तरह से पूरे प्रदेश में फर्जी मुकदमे लगा कर निर्दोष लोगों को जेल भेजा गया। आजम खान का उदाहरण देते हुये नंदा ने कहा, “हमारे देश की विचार व्यवस्था ठीक नहीं है। अगर यह ठीक होती आज़म भाई जेल में नहीं होते। इसका सीधा असर न्यायपालिका पर लोगों के विश्वास पर पड़ा है। हम लोग चाहते हैं कि न्यायपालिका निष्पक्ष हो।”
तीनों कृषि कानूनों की वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और पंजाब में भाजपा समझ गई है कि उसके खाते में कोई सीट नहीं आएगी। खास तौर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है। इसलिए भयभीत होकर भाजपा ने ये कानून वापस लिये हैं। नंदा ने कहा कि ऐसा पहली बार देखा गया है कि भाजपा को जनता का डर पैदा हुआ हो और यह देश के किसानों की बदौलत हुआ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें