भारतीय संस्कृति के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखा मोदी ने: शाह
नयी दिल्ली 13 दिसम्बर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण को हर भारतीय के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का दिन बताते हुए कहा है कि श्री मोदी ने भारतीय संस्कृति के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है।
श्री शाह ने सोमवार को श्रृंखलाबद्ध ट्वीट् में कहा , “बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी सदियों से सनातन संस्कृति का देदीप्यमान प्रतीक रही है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपनी अद्वितीय धर्म परायणता को पुनः चरितार्थ करते हुए काशी विश्वनाथ धाम के भव्य स्वरुप का लोकार्पण कर भारतीय संस्कृति के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है। ”एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा , “भारतीय संस्कृति के संवाहक एवं धर्म ध्वज रक्षक के रूप में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सनातन संस्कृति के आस्था केंद्रों के गौरव को पुनर्जीवित करने का अभिनव कार्य किया है। आज का दिन हर भारतीय के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का दिन है। ”
उन्होंने कहा , “इससे विश्व के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु सुगमतापूर्वक माँ गंगा के दर्शन कर सीधे बाबा विश्वनाथ की पूजा-अर्चना कर सकेंगे व उन्हें काशी विश्वनाथ धाम की दिव्यता और भव्यता की गौरवमयी अनुभूति भी होगी। मैं सभी देशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। ”
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें