बिपिन रावत के निधन से शोक में डूबा उत्तर प्रदेश
लखनऊ 08 दिसंबर (वार्ता) देश के पहले चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के अलावा 11 सैन्य अधिकारियों के निधन पर उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने कर्मठ सैन्य अधिकारी के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुये शोक संतप्त परिजनो के प्रति संवेदना व्यक्त की है।योगी ने ट्वीट किया “ सैन्य अधिकारियों व कर्मियों का आज हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन अत्यंत दुःखद है। असमय दिवंगत हुए माँ भारती के कर्मनिष्ठ सपूत राष्ट्र की स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को परमधाम में स्थान दें। ॐ शांति।”
अखिलेश ने कहा “ कुन्नूर हेलीकॉप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल बिपिन रावत जी, उनकी पत्नी एवं 11 अन्य की मृत्यु पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि। जनरल रावत जी के शौर्यपूर्ण जीवन को नमन।”
बसपा सुप्रीमो ने ट्वीट किया “ देश के सर्वोच्च 5 स्टार रैंक के पहले चीफ ऑफ डिफेन्स स्टाफ व पूर्व सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत सहित कई सैन्य अफसरों की आज तमिलनाडु में हुई हेलीकाप्टर दुर्घटना में मौत अति दुखद व जबरदस्त क्षति। मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उनके परिवार व अन्य सभी को इस क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करे।”
प्रदेश में जनप्रतिनिधियों,समाजसेवी संस्थाओं के प्रमुखों और जानीमानी हस्तियों के अलावा सामान्य लोगों ने सीडीएस के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ट्विटर,व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म में इस दुखद हादसे को लेकर संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।
गौरतलब है कि बुधवार को तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के कुन्नूर इलाके में सेना का एमआई 17 हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें सवार सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के अलावा 11 सैन्य अधिकारियों की मृत्यु हो गयी। हेलिकॉप्टर में 14 लोग सवार थे। हेलीकाॅप्टर सुलूर से उडान भरने के बाद तमिलनाडु में नीलगिरि जिले के कुन्नूर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में घायल ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह का वैलिंगटन स्थित सैन्य अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें