देश में कोरोना के सात हजार से अधिक नये मामले
नयी दिल्ली, 12 दिसंबर (वार्ता) देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 7,774 नये मामले सामने आए और 306 लोगों की इस महामारी से मौत हुई।
इस बीच शनिवार को 89 लाख 56 हजार 784 कोविड टीके लगाये गये हैं और इसके साथ ही कुल टीकाकरण संख्या एक अरब 32 करोड़ 93 लाख 84 हजार 230 हो गयी है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में 8,464 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसके साथ ही अब तक तीन करोड़ 41 लाख 22 हजार 795 लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं। इस दौरान सक्रिय मामले 996 कम होकर 92281 रह गये हैं। इसी अवधि में 306 मरीज जिंदगी की जंग हार गये और अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार लाख 75 हजार 434 हो गयी है।
देश में रिकवरी दर 98.36 फीसदी, सक्रिय मामलों की दर 0.27 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.37 फीसदी पर बरकरार है।
देश में पिछले 24 घंटों में केरल सक्रिय मामलों और मृतकों के मामलों में आगे है। राज्य में सक्रिय मामले 758 घटकर 39,240 हो गये हैं। राज्य में 4,308 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 51,08,764 हो गयी है। इसी अवधि में 245 मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 42,824 हो गयी है।
महाराष्ट्र में सक्रिय मामले 82 घटकर 10,131 रह गये है, जबकि 20 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 141243 हो गया है। वहीं 869 और मरीजों के कोरोना मुक्त होने से इनकी कुल संख्या बढ़कर 6491805 हो गयी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें