योगी-मोदी सरकार को उखाड़ फेंकना होगा तभी संभव होगा विकास:अखिलेश
ललितपुर 02 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के ललितपुर में विजय रथ यात्रा लेकर आये समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गुरूवार को करारा हमला करते हुए कहा कि योगी-मोदी सरकार को उखाड़ फेेंकना होगा तभी देश और प्रदेश में विकास संभव है।
यहां गिन्नौट बाग में आयोजित चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि आज देश में मंहगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। गाय और गंगा की बात करने वाली योगी मोदी सरकार केवल झूठ बोलना जानती है, उनके सारे वायदे खोखले साबित हो रहे हैं। किसान आज खाद के लिये लाइन में लगा हुआ है । खाद की किल्लत पूरे प्रदेश में है ,कई किसान अपनी फसल नहीं बो पाए हैं । यहां सात से आठ किसानों की खाद की किल्लत से जूझते हुये मौत हो गयी है, लेकिन योगी सरकार ने उनकी सुध नहीं ली। सरकार को अब उखाड़ फेंकना होगा, तभी विकास संभव हो सकेगा।अखिलेश ने कहा , “सत्ता में बैठे लोग कहते हैं हम परिवारवादी हैं। मैं तो कहता हूं कि जिनका परिवार नहीं है वो परिवार के बारे में क्या जानें।” उन्होंने मुख्यमंत्री योगी पर भी निशाना साधते हुये कहा, “योगी वही होता है जो दूसरों के दर्द को अपना दर्द समझे। आप बताओ क्या वे (योगी) दूसरों के दर्द को अपना दर्द समझते हैं।”
पूूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “आपने भाजपा का साढ़े चार साल का कार्यकाल देख लिया है। इतना दुःख दर्द कभी भी जनता को नहीं मिला। कोरोना काल में तो भारत विभाजन से भी अधिक दर्दनाक तस्वीर देखने को मिली। उस दौरान तो गौशालाओं तक में मज़दूर भाइयों को रख दिया गया। हमारी सरकार होती तो एक भी मजदूर भाई को पैदल ना चलने देते, डीएम तक की गाड़ियां भेजकर मजदूरों को उनके घत तक भिजवाते।”
उन्होंने कहा “ अब प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि जुमलेबाजी सरकार अब नहीं रहेगी अब सपा सरकार आयेगी। इस सरकार में गरीब सबसे ज्यादा परेशान है। पहले नोट बंदी के कारण लोग सब काम छोड़ लाइनों में खडे होने को मजबूर हो गये और किसान खाद के लिये व मरीज बीमारी की दवाई लेने लाइन में लगा हुआ है, लेकिन इस सरकार के कान पर जूं तक नही रेंग रही है। यह सरकार लीकेज की सरकार है तभी तो टीईटी जैसी परीक्षा का पेपर लीक हुआ। डीजल, पेट्रोल इतना महंगा कर दिया है कि लोग मोटर साईकिल नहीं चला पा रहे हैं । बसों व रेल आदि का किराया भी आसमान छू रहा है।”
प्रदेश सरकार केवल केन्द्र सरकार के इशारे पर नाच रही है, यदि मंहगाई खत्म कर खुशहाली लाना चाहते हो तो भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। बुन्देलखंड में सबसे ज्यादा गरीबी ललितपुर व महोबा में है, जैसे ही सपा सरकार बनेगी यह गरीबी समाप्त हो जायेगी। उनकी सरकार ने सूखे में जरूरतमंदों को राहत देने के लिये राशन के पैकेट बांटे व छात्र-छात्राओं को लैपटॉप व साईकिल आदि का वितरण किया।
इस अवसर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने आम सभा को संबोधित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार चलाने में फेल साबित हो रहे हैं। इस सरकार में पत्रकारों की हत्यायें हो रहीं हैं। योगी मोदी सरकार केवल पिछडे़ एवं दलितों का वोट लेना जानती है, आज ओबीसी व दलित लोग गरीबी में जीवन यापन कर रहे हैं। उनके लिए कुछ नहीं किया गया। सरकार की नियत में खोट है, तभी तो वह किसान बिल लायी, लेकिन जब दाल गलती नहीं दिखी तो उन्होनें बिल वापिस ले लिये।
लॉकडाउन में अन्य प्रांतों में मजदूरी करने गये लोगों को अपने घर वापिस आने पर किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। लाइन में लगने और पैदल चलने के दौरान कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी, भाजपा सरकार ने बैरिकेटिंग लगा दी और किसी भी मजदूर भाई को अन्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश में नहीं आने दिया, यदि उनकी सरकार होती तो वह तत्काल गाड़ियों द्वारा उनके घर पहुँचाती। प्रदेश की जनता अब इनके झूठे जुमलों में आने वाली नहीं है।
इसके बाद अखिलेश यादव कस्बा बानपुर के ग्राम वीर पहुंचे, जहां उन्होनें महाराजा खेतसिंह जूदेव की मूर्ति का अनावरण कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला व उपस्थित जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर सहरिया आदिवासी समाज की ओर से जिला पंचायत सदस्य धनन्जय सिंह ने उन्हें धनुषवाण भेंट किया, जिसे अखिलेश यादव ने स्वयं चलाकर देखा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें