चीनी मिलें बंद होने का दोष बसपा पर मढ़ना अनुचित : मायावती
लखनऊ, 12 दिसंबर (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने पूर्ववर्ती सरकारों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की चीनी मिलें बंद होने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोप को गलत बताते हुये कहा है कि उनकी सरकार में पहले से बंद पड़ी मिलों को ही हटाया गया था।
मायावती ने रविवार को ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार में नहीं बल्कि पूर्व की रही सरकारों के समय से ही यहाँ काफी चीनी मिलें बन्द चल रही थीं तथा उन्हीं में से कुछ चीनी मिलें हटाई गईं। लेकिन इसे लेकर जबरदस्ती पूर्व की सरकारों की कमियाँ बीएसपी की सरकार पर थोपना ठीक नहीं।”उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले कुछ दिनों से राज्य में चीनी मिलों के बंद होने का आरोप सपा बसपा सरकारों पर मढ़ रहे हैं।
मायावती ने इसके जवाब में कहा, “साथ ही, अभी हाल ही मेें बुन्देलखण्ड में यूरिया की कमी को लेकर जो वहाँ किसान सड़कों पर उतरे, उसे भी दूसरों पर थोपना उचित नहीं, बल्कि बसपा की सरकारों में किसानों का हर मामले में पूरा-पूरा ध्यान रखा गया था, जिसे किसान भूले नहीं हैं।”
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें