डीपी बताएँ उनका एनकाउंटर होने से किसने बचाया : धर्मेंद्र यादव
बदायूँ 21 दिसंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव को धोखेबाज कहने वाले पूर्व बाहुबली सांसद और राष्ट्रीय परिवर्तन दल के अध्यक्ष डी पी यादव पर सवाल करते हुये सपा नेता एवं पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि चर्चा में आने के लिये अनर्गल बयानबाजी करने वाले डीपी बताये कि कांग्रेस सरकार में उनको इनकाउंटर में मारे जाने से किसने बचाया।
मुलायम के भतीजे और बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने मंगलवार को यूनीवार्ता से कहा “ डीपी यादव चर्चा में आने के लिए बड़े नेताओं पर जुबानी हमला कर रहे है। उनसे जरा पूछना चाहिए कांग्रेस सरकार में जब डीपी यादव का एनकाउंटर होने वाला था तो उनको किसने बचाया था और इनको इनकी पहचान किसने दी।”उन्होने कहा कि कुछ लोग सपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ जुबानी हमला कर चर्चा में आना चाहते है। जनता के बीच अब डीपी की कोई बात नहीं होती, यह चर्चा के बाहर थे और चर्चा में आने की कोशिश कर रहे है ।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व एक निजी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में बाहुबली नेता डी पी यादव ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव पर अनेक गंभीर आरोप लगाए थे और उनको धोखेबाज तक कह दिया था।डीपी यादव ने कहा कि 1998 में संभल से वह बसपा से सांसद थे,उनकी सीट पर जाकर अपनी पार्टी में शामिल करने के बाद ,पार्टी में शामिल करने में माननीय मुलायम सिंह यादव ने हजारों लोगो के सामने मुझसे वादा किया और फिर मेरी कॉन्सेंटसी में ही पर्चा दाखिल कर दिया गया।तो मैं बहुत बड़ी कॉन्सपिरेसी का शिकार हुआ ,बहुत बड़े षडयंत्र का शिकार हुआ ।
उन्होने कहा था “ मुझे अपना अस्तित्व ही खतरे में नजर आने लगा ,क्योंकि मेरे पास और कोई तो पार्टी नही थी ,बसपा मैं छोड़ चुका था,समाजवादी में मैं आ चुका था ।समाजवादी के ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मेरी सीट पर पर्चा दाखिल कर दिया बगैर बताए तो आप अंदाजा लगा सकते है कि धोखा किसके साथ हुआ।”
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें