विनय शंकर तिवारी कल सवार हो सकते हैं सपा की साइकिल पर

 लखनऊ, 11 दिसंबर (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से हाल ही में निष्कासित किये गये विधायक विनय शंकर तिवारी रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हाे सकते हैं। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्वांचल की राजनीति के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार गोरखपुर जिले की चिल्लूपार विधानसभा सीट से विधायक तिवारी और उनके भाई संत कबीर नगर से पूर्व सांसद कुशल तिवारी यहां स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। तिवारी पूर्वांचल के कद्दावर नेता रहे हरिशंकर तिवारी के पुत्र हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तिवारी बंधुओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलायेंगे। समझा जाता है कि तिवारी की अखिलेश से दिसंबर के पहले सप्ताह में ही मुलाकात हो चुकी है। जानकारों की राय में पूर्वांचल की राजनीति में खासा दखल रखने वाले तिवारी परिवार के सपा में शामिल होने से क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों का प्रभावित होना तय है।
उल्लेखनीय है कि उनके करीबी रिश्तेदार और विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय को भी तिवारी बंधुओं के साथ बसपा से हाल ही में अनुशासनहीनता के आरोप में निष्कासित किया गया था। बसपा सूत्रों के अनुसार तिवारी की अखिलेश से मुलाकात के बाद ही सात दिसंबर को तिवारी परिवार को बसपा से निष्कासित किया गया था। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तिवारी के साथ पांडेय भी सपा में शामिल होंगे या नहीं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास