मोदी की सुरक्षा में चूक पर मायावती ने जतायी चिंता
लखनऊ, 06 जनवरी (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी की सुरक्षा में बुधवार को हुयी चूक पर चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय इसे गंभीरता से लेते हुये इसकी उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच जरूरी है।
मायावती ने ट्वीट कर कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के अभी हाल के पंजाब दौरे के दौरान जो सुरक्षा चूक हुई है वह अति-चिन्तनीय है। इस घटना को पूरी गंभीरता से लेकर इसकी उच्च-स्तरीय निष्पक्ष जाँच जरूरी है ताकि इसके लिए दोषियों को उचित सजा मिल सके तथा आगे फिर ऐसी घटना की पुनरावृति न हो।”उन्होंने कहा, “पंजाब आदि राज्यों में होने वालेे विधानसभा आमचुनाव के मद्देनजर इस घटना को लेकर जो राजनीतिक खींचतान, आरोप-प्रत्यारोप व राजनीति की जा रही है वह भी उचित नहीं, जबकि घटना के सम्बंध में राजनीति को विराम देकर इसकी गंभीरता के अनुरूप निष्पक्ष जाँच होने देना ही उचित है।”
उल्लेखनीय है कि मोदी बुधवार को पंजाब के फिरोजपुर में आयोजित एक रैली को संबोधित करने के लिये बठिंडा से सड़क मार्ग से जा रहे थे। रास्ते में सुरक्षा चूक की वजह से उन्हें वापस लौटना पड़ा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें