विंध्याचल धाम में पंडो के बीच फिर संघर्ष,24 पुलिस कर्मी लाइन हाजिर
मिर्जापुर 24 जुलाई (वार्ता) मिर्जापुर में प्रसिद्ध विंध्याचल धाम में पंडों के बीच दक्षिणा को लेकर एक बार खूनी संघर्ष हुआ। घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में विंध्याचल मंदिर चौकी उपनिरीक्षक सहित 24 पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों पंडों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।विंध्याचल मंदिर के गर्भ गृह में यजमान को लेकर हुई शर्मनाक घटना की गूंज थमी नही थी कि गुरुवार को यजमान से दक्षिणा को लेकर खूनी संघर्ष हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि पंडो के बीच दक्षिणा को लेकर विवाद हो गया था,जिसमें एक पक्ष ने कैंची से वार कर एक पंडा को घायल कर दिया गया। घायल को उपचार के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जेल भेजने के लिए न्यायालय पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विवेचना की जा रही है।
उन्होने बताया कि विंध्याचल मंदिर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार पाण्डेय सहित 24 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाईन हाजिर कर नया स्टाफ नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि विंध्याचल मंदिर परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर घटना सीधे सीधे लापरवाही माना जा रहा है।
असल में पिछले एक माह से पंडों के बीच विवाद नया नही है। पंडों के बीच यजमान और दक्षिणा को लेकर विवाद और मारपीट आम हो गई है। दक्षिणा को लेकर पंडे आम दर्शनार्थियों को भी नहीं बख्शते।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें