काशी में 42 साल पुराना मंदिर-गुरुद्वारा विवाद खत्म
वाराणसी, 24 जुलाई (वार्ता) वाराणसी के जगतगंज क्षेत्र में 42 वर्षों से चला आ रहा हनुमान मंदिर और गुरुद्वारा विवाद समाप्त हो गया है। जल्द ही यहां परिसर में हनुमान चालीसा के साथ शबद कीर्तन भी सुनाई देगा।गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार करन सिंह सभरवाल ने बताया कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय है। श्री हनुमान मंदिर (प्रथम पक्ष) और गुरुद्वारा (द्वितीय पक्ष) के बीच स्वामित्व, कब्जे और अधिकार को लेकर 42 सालों से विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से सुलहनामे पर हस्ताक्षर कर विवाद को समाप्त कर दिया।
कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष परमजीत सिंह अहलूवालिया ने कहा कि श्री बड़े हनुमान मंदिर प्रबंध समिति के व्यवस्थापक श्याम नारायण पांडेय और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बीच जगतगंज कोठी में विस्तृत चर्चा के बाद आपसी सौहार्द स्थापित हुआ। गुरु तेग बहादुर की चरण स्थली पर 42 वर्षों बाद ताला खुल गया है।
मध्यस्थ अधिकारी प्रदीप नारायण सिंह ने बताया कि प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया गया था। उनके निर्देश पर प्रशासन ने सहयोग किया, जिसके फलस्वरूप विवाद का समाधान संभव हुआ। परिसर में मंदिर और गुरुद्वारे का जीर्णोद्धार शीघ्र किया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें