प्रत्येक सीएचसी पर बनेगा आयुष्मान भारत योजना का विशेष वार्ड, पिपरौली से हुई शुरूआत


गोरखपुर। जिले में प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना से आच्छादित मरीजों और लाभार्थियों के लिए प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर विशेष वार्ड बनाया जाएगा। इसकी शुरूआत पिपरौली सीएचसी से सोमवार से हो गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ राजेश झा ने पिपरौली सीएचसी पहुंच कर वहां पीएमजेवाई आयुष्मान भारत विशेष वार्ड का उद्घाटन किया। उन्होंने बड़हलगंज और कोहिला सीएचसी का निरीक्षण भी किया। पिपरौली सीएचसी पर सीएमओ डॉ झा और एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

सीएमओ डॉ राजेश झा ने बताया कि सभी ब्लॉक के संबंधित चिकित्सा अधिकारियों से कहा गया है कि वह अपने सीएचसी पर एक आयुष्मान भारत विशेष वार्ड अवश्य बनाएं। इसी कड़ी में पिपरौली सीएचसी पर तीन बेड का एक वार्ड भी शुरू किया गया। इस वार्ड में योजना की लाभार्थी एक प्रसूता भर्ती कराई गई हैं। अन्य सीएचसी पर भी आयुष्मान भारत योजना के लिए ऐसे वार्ड बनाए जाएंगे जो निजी अस्पतालों से बेहतर सुविधा वाले होंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी निजी अस्पतालों की बजाय सरकारी सीएचसी पर इलाज, सर्जरी और प्रसव कराना पसंद करेंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बड़हलगंज सीएचसी पर निरीक्षण के दौरान बड़हलगंज नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए स्थान देखने के बारे में चर्चा हुई। इस केंद्र के लिए एक सप्ताह के भीतर स्थान ढूंढने का निर्देश दिया गया। बड़हलगंज ब्लॉक के कोहिला सीएचसी के निरीक्षण के दौरान पौने दो बजे एक फार्मासिस्ट को छोड़ कर अन्य कोई कर्मी उपस्थित नहीं पाया गया। इस पर सभी संबंधित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पिपरौली सीएचसी से भी अनुपस्थित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सीएमओ डॉ झा ने कहा कि समय से अस्पताल न पहुंचने वाले और समय से पहले अस्पताल छोड़ कर जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके पर्यवेक्षण के लिए उनके साथ साथ कई अन्य वरिष्ठ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी निरंतर क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। लोगों की उपस्थिति की लगातार बायोमेट्रिक मशीन से भी मॉनीटरिंग की जा रही है।

टिप्पणियाँ