उच्च प्राथमिक विद्यालय के कम्प्यूटर टीचरों को आईआईटी देगा प्रशिक्षण
लखनऊ 27 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में उच्च प्राथमिक शिक्षा के तहत पढ़ने वाले बच्चों को कम्प्यूटर में दक्ष बनाने की जिम्मेदारी विभाग के प्रशिक्षित शिक्षकों की होगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को आईआईटी कानपुर द्वारा प्रशिक्षित कराने का निर्णय लिया है।परिषदीय विद्यालयों में कक्षा छह से आठ के पाठ्यक्रम में डिजिटल साक्षरता, कोडिंग व आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित कंप्यूटर पढ़ाई को शामिल किया गया है। जिसका मकसद बच्चों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। इसी क्रम में एससीईआरटी की ओर से उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय के करीब 44 हजार शिक्षकों को विशेषज्ञों से प्रशिक्षण दिलाया गया है। अब बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार की पहल पर शिक्षकों को राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया गया है। जिसके अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों के 750 शिक्षक आईआईटी कानपुर कम्प्यूटर का पाठ पढ़ेंगे।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के संयुक्त निदेशक डॉ पवन सचान ने बताया कि इसके लिए हर जिले से 10 शिक्षकों को ट्रेंड कराने का निर्णय लिया गया है। कुल 750 शिक्षकों को आईआईटी कानपुर प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। साथ ही डायट के प्राचार्यों का आईआईएम अहमदाबाद में प्रशिक्षण कराया जाएगा। इसके लिए भी विस्तृत कार्यक्रम बनाया जा रहा है। प्रशिक्षित शिक्षक आगे बच्चों को आधुनिक तकनीक से बेहतर तरीके से पढ़ाएंगे। जिससे बच्चों को शुरुआत से ही कंप्यूटर व अन्य क्षेत्रों की जानकारी होगी। वे आगे इस क्षेत्र में और बेहतर करने के प्रेरित होंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें