प्रदेश भर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए संशोधित काउंसलिंग कार्यक्रम जारी

लखनऊ 21 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के इंजीनिरिंग कालेजों में दाखिले को लेकर डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय ने सोमवार को संबद्ध संस्थानों के बीटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए संशोधित काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले राउंड की काउंसलिंग के तहत अभ्यर्थी ऑनलाइन च्वॉइस फिलिंग एवं लॉकिंग 24 से 28 जुलाई तक कर सकेंगे।

वर्तमान में प्रदेश भर डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से सम्बद्ध इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कालेजों में बीटेक को लेकर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है। ऐसे में पहले राउंड के काउंसलिंग के तहत अभ्यर्थी ऑनलाइन च्वॉइस फिलिंग एवं लॉकिंग 24 से 28 जुलाई तक कर सकेंगे। वहीं जेईई की रैंकिंग के आधार पर 30 जुलाई को सीट आवंटन किया जाएगा।
सीट कंफर्मेशन और ऑनलाइन विलिंगनेस फ्रीज या फ्लोट 30 जुलाई से एक अगस्त तक होगा। दूसरे राउंड की काउंसलिंग के तहत ऑनलाइन च्वॉइस फिलिंग और लॉकिंग 2 से तीन अगस्त तक चलेगा। जबकि सीट आवंटन पांच अगस्त को किया जाएगा। राउंड तीन के तहत च्वॉइस फिलिंग का अंतिम अवसर आठ से नौ अगस्त तक होगा। जबकि सीट अलॉटमेंट 11 अगस्त को होगा। राउंड चार के तहत सीट अलॉटमेंट 13 अगस्त को होगा।
विवि के कुलपति प्रो जेपी पांडेय का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद कालेजों का शैक्षणिक सत्र शुरू होगा।

टिप्पणियाँ