ग्राम चौपालो से हुआ पांच लाख से अधिक समस्याओं का निस्तारण

 ग्राम चौपालो से हुआ पांच लाख से अधिक समस्याओं का निस्तारण

लखनऊ 19 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के ग्राम विकास विभाग ने दावा किया कि पिछले ढाई साल के दौरान ग्राम चौपालों के आयोजन के जरिये पांच लाख से अधिक समस्याओं का निस्तारण किया गया है।
आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग जी एस प्रियदर्शी ने शनिवार को बताया कि पिछले ढाई साल से ग्राम चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। एक लाख 48 हजार से अधिक ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा चुका है। जिनमें 96 लाख से अधिक ग्रामवासी मौजूद रहे और पांच लाख से अधिक समस्याओं/प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
अधिकृत सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणो की समस्यायों के निराकरण के लिये प्रदेश के प्रत्येक विकास खण्ड की दो ग्राम पंचायतों में हर शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। चौपालों से पूर्व गांव में सफाई पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है और चौपालों के बारे में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है।
ग्राम्य विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को प्रदेश की 1271 ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिनमें 2876 प्रकरणो का निस्तारण गांव पंचायतों में ही कर दिया गया। इन ग्राम चौपालों मे 3389 ब्लाक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी तथा 5503ग्राम स्तरीय कर्मचारी मौजूद रहे और इन चौपालों में 61 हजार से अधिक ग्रामीणों ने सहभागिता की।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास